महिला शिक्षामित्र ने निगला जहर, हालत नाजुक
समायोजन रद्द होने के बाद से आहत थी शिक्षिका
शुक्रवार की दोपहर स्कूल से लौटने के बाद उठाया आत्मघाती कदम
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। सिराथू ब्लाक के रामपुर मडूकी प्राथमिक स्कूल में तैनात महिला शिक्षामित्र ने शुक्रवार को जहरीला पदार्थ निगल लिया। दोपहर स्कूल से लौटने के बाद आत्मघाती कदम उठाया। अचानक हालत बिगड़ती देख घबराए परिजन उसे लेकर स्थानीय अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां शिक्षामित्र का इलाज चल रहा है।
सिराथू ब्लाक के रामपुर मडूकी गांव की गायत्री देवी (35) पत्नी मोहन लाल गांव के प्राथमिक स्कूल में शिक्षामित्र है। समायोजन रद्द होने के बाद मंगलवार को वह दिल्ली धरने में शामिल होने गई थी। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार की रात घर लौटी थी। शुक्रवार की सुबह वह रोज की तरह स्कूल गई। दोपहर घर लौटने के बाद आहत गायत्री ने कीटनाशक दवा निगल लिया। महिला शिक्षामित्र की हालत बिगड़ती देख परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन घर वाले उसे नजदीकी चिकित्सक के पास ले गए। महिला शिक्षामित्र की हालत नाजुक देख डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेज दिया। जहां महिला शिक्षामित्र का इलाज चल रहा है। परिजनों की मानें तो समायोजद रद्द होने के बाद से वह आहत रहती थी। दिल्ली से लौटने के बाद और गुमसुम हो गई। महिला शिक्षामित्र के आत्मघाती कदम उठाए जाने के बाद से परिजनों का हाल बेहाल है।
जमीनी विवाद में लहराए असलहे
-कहासुनी के बाद घर में घुस हमलावरों ने कुनबे को पीटा, जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। कोतवाली के सैदनपुर गांव में बृहस्पतिवार की रात जमीनी विवाद को लेकर दो परिवार के लोग आमने सामने हो गए। तीखी झड़प के बाद हमलावरों ने पड़ोसी के घर तमंचा लाठी-डंडा लेकर हमला बोल दिया। घर में घुसे हमलावरों ने कुनबे को पीटने के बाद असलहे लहराते हुए भाग निकले।
मंझनपुर थाना क्षेत्र के सैदनपुर गांव निवासी छेदीलाल का पड़ोसी से जमीनी विवाद चल रहा है। इसी अदावत में कहासुनी के बाद बृहस्पतिवार की शाम पड़ोसी ने साथियों के साथ मिल घर पर हमला बोल दिया। घर में घुस तोड़फोड़ करने का विरोध करने पर हमलावरों ने छेदीलाल के साथ उसकी पत्नी और बच्चों को लाठी-डंडे और तमंचे की बट से पीट लहूलुहान कर दिया। मारपीट करने के बाद हमलावर कहीं भी शिकायत पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। शुक्रवार की सुबह पीड़ित परिवार परिजनों के साथ थाने पहुंचा और घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। पीड़ित परिवार से तहरीर लेकर पुलिस घटना की छानबीन शुरू कर दी है।