बहन से शादी न कराने पर विवाहिता को घर से निकाला
देवर संग बहन की शादी कराने का दबाव बना रहे थे ससुराली, एसपी से शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। प्रयागराज में ब्याही दोआबा की एक बेटी को देवर के साथ बहन की शादी न कराना महंगा पड़ गया। ससुरालियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की। फिर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने इसकी शिकायत एसपी से करके कार्रवाई की मांग की है।
कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के मढ़ी गांव की प्रतिज्ञा पुत्री राममनोरथ ने बताया कि उसका विवाह करीब ढाई साल पहले करेली (प्रयागराज) में हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराली विवाहिता पर देवर के साथ सगी बहन की शादी कराने का दबाव बनाने लगे। इसके लिए तैयार नहीं होने पर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। प्रताड़ना की जानकारी होने पर रिश्तेदारों ने पंचायत की। सभी ने ससुराल वालों को समझाया। पर, उनके रवैये में सुधार नहीं हुआ। पीड़िता की मानें तो देवर शराब के नशे का आदी है। इसलिए उसने शादी नहीं कराई। इसी से नाराज होकर ससुरालीजनों ने चार रोज पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की। फिर घर से निकाल दिया। मायके वालों ने एक दफा फिर समझौते का प्रयास किया। बात नहीं बनने पर पीड़ित महिला ने शनिवार को एसपी से शिकायत कर दी। एसपी प्रदीप गुप्ता ने परिवार परामर्श केन्द्र प्रभारी को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।