करारी। क्षेत्र के हकीम जी का पूरा गांव के समीप बुधवार सुबह बेकाबू ट्रैक्टर ने एक वृद्धा को रौंद दिया। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर बड़गांव की शिवकली (60) पत्नी स्व. शम्भू लाल गृहणी थी। उसकी बड़ी बहन सुकवारा में ब्याही है। मंगलवार रात बहन की मौत होने पर बुधवार सुबह शिवकली अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रही थी। हकीम जी का पूरा के समीप विक्रम से उतरकर पैदल ही चल पड़ी। इस दौरान पीछे से आए ट्रैक्टर ने उसको कुचल दिया। हादसे में मौके पर ही उसकी सांसें थम गईं।
मौत की मनहूस खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। पीड़ित परिजन बदहवाश हालत में घटना स्थल पर पहुंचे। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शिवकली के एक ही लड़का है। वह बाहर रहता है।