मंझनपुर। कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार रात रिश्तेदार ने घर में घुसकर किशोरी से दुराचार किया। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दे दी है।
कौशाम्बी इलाके की एक 17 वर्षीय लड़की ने बताया कि मंगलवार रात वह घर पर अकेली थी। परिवार के सदस्य कहीं बाहर गए थे। तभी मौका पाकर पड़ोसी गांव में रहने वाला रिश्तेदार भीतर घुस आया। पीड़िता के मुताबिक कनपटी पर तमंचा सटाकर रिश्तेदार ने दुष्कर्म किया। विरोध करने पर तमंचे की बट से पिटाई की। इसके बाद कहीं भी शिकायत करने पर जान से मार डालने की धमकी देते हुए फरार हो गया। घटना से डरी-सहमी पीड़िता ने फोन करके आपबीती परिजनों को बताई तो उनके होश उड़ गए। रात को ही कौशाम्बी पुलिस को तहरीर दी गई। सुबह एसपी से भी शिकायत करके कार्रवाई की मांग की गई। एसपी प्रदीप गुप्ता ने कौशाम्बी कोतवाल को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।