बाइक की टक्कर से युवक की मौत
करारी कस्बे में मंगलवार की देर रात हुई घटना, परिजनों में कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
करारी(कौशाम्बी)। करारी कस्बे में मंगलवार की रात मेला सड़क पार कर रहे युवक को बाइक सवार ने कुचल दिया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। देर रात युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
कोखराज थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव निवासी इकलाख अहमद (32) पुत्र रमजान अली मंगलवार को करारी मेला देखने के लिए आया था। देर वह भरत मिलाप की चौकी देखने के लिए चौराहे पर आया था। सड़क पार करते समय बाइक सवार ने टक्कर मारते हुए कुचल दिया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस और परिजनों को देते हुए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। देर रात इलाहाबाद एसआरएन अस्पताल में युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक के मौत की खबर परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। बुधवार को मृतक के भाई तुफैल अहमद ने बाइक सवार युवक के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी है।
विवाहिता को जिंदा जलाने का प्रयास
मायके से एक लाख रुपये नहीं लाने पर मिली यातना, शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर।
सैनी के डेलसहिया गांव में ब्याही युवती को सोमवार की रात ससुराल वालों ने जिंदा जलाने का प्रयास किया। मोहल्ले के लोगों के विरोध करने पर विवाहिता की जान बची। मायके पहुंची पीड़िता ने आपबीती बताई तो परिजनों के होश उड़ गए। बुधवार को पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देते हुए न्याय की गुहार लगाई।
सैनी कोतवाली के विजयीपुर गांव की रीना देवी की शादी दो साल पहले डेलसहिया गांव में रमेश चंद्र के साथ हुई थी। विवाहिता ने बताया कि शादी के बाद ससुराल के लोग मायके से एक लाख रुपये लाने की जिद कर प्रताड़ित करने लगे। आए दिन मामूली बात पर मारपीट कर कमरे में बंद कर दिया जाता था। सोमवार को ससुराल वालों ने सारी हदें पार करते हुए पहले उसकी पिटाई की फिर मिट्टी का तेल छिड़क जिंदा जलाने का प्रयास किया। शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग घटना स्थल पर पहुंचे तो उसकी जान बची। मायके पहुंच उसने आपबीती परिजनों को बताई। दोनों परिवार के बीच बिरादरी की पंचायत भी हुई पर बात नहीं बन सकी। बुधवार को पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना पत्र देते हुए न्याय की गुहार लगाई है। एसपी ने पीड़िता को जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।