ग्रामीणों से वसूली में फंसेे संस्था के दो युवक
होम्योपैथी दवा बांटकर वसूल रहे थे 30-30 रुपया
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। मूरतगंज ब्लाक के पट्टी नरवर गांव में एक संस्था के युवक ग्रामीणों को डेंगू व मलेरिया की दवा देने के नाम पर वसूली कर रहे थे। दवा देकर वह 30-30 रुपया वसूल रहे थे। इसकी सूचना पुलिस को दी गई तो उसने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ की जा रही है।
पट्टी नरवर गांव में बुधवार को कानपुर की एक संस्था के आधा दर्जन युवक पहुंचे। युवकों ने ग्रामीणों को बताया कि वह संस्था के कर्मचारी हैं। डीएम व सीएमओ के निर्देश पर वह गांव के लोगों को डेंगू व मलेरिया की दवाएं दे रहे हैं। युवक होम्योपैथिक दवा दे रहे थे। छह खुराक दवा देकर वह 30-30 रुपया वसूल रहे थे। ग्रामीणों को आशंका हुई तो उन्होंने 100-डॉयल पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने छापा मारकर दो युवकों को पकड़ लिया, बाकी युवक भागने में कामयाब रहे। युवकों से मूरतगंज चौकी पुलिस पूछताछ कर रही है। पकड़े गए युवकों में एक चकचमरूपुर का है, जबकि दूसरा कोखराज का रहने वाला है। कोखराज एसओ बृजेश द्विवेदी ने बताया कि पूछताछ की जा रही है। इस मामले में संस्था के भी खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।