पश्चिमशरीरा/गोराजू (कौशाम्बी)।
अमीना गांव में मंगलवार रात एक विवाहिता घर के भीतर धू-धू कर जल मरी। चीख पुकार सुनकर पति ने बचाने की कोशिश की तो वह भी गंभीर रूप से झुलस गया। परिवार के लोगों ने किसी तरह दोनों को बाहर निकाला। विवाहिता को जिला अस्पताल से एसआरएन अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। पति का इलाज चल रहा है।
पश्चिमशरीरा कोतवाली के पुनवार गांव की शरीकुन निशां (35) पुत्री अमजद का निकाह आठ साल पहले अमीना गांव में अहमद अली से हुआ था। मंगलवार रात करीब दो बजे विवाहिता घर के भीतर आग का गोला बन गई। उसकी चीख सुनकर बाहर सो रहा पति बचाने पहुंचा तो वह भी आग की जद में झुलस गया। आनन-फानन घर के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और आग से झुलसे दंपति को जिला अस्पताल ले गए।
वहां विवाहिता की उपचार के दौरान सांसें थम गईं। बेटी के मरने की खबर मायके वालों को हुई तो वे रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का कहना है कि विवाहिता की दिमागी हालत चार-पांच महीने से ठीक नहीं रहती थी। इसके चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया।
विवाहिता की मौत से परिजनों के साथ दो मासूम बच्चों को रो-रोकर हाल बेहाल है। एसओ पश्चिमशरीरा ने बताया कि मायके वालों ने किसी प्रकार का कोई आरोप नहीं लगाया है। यदि तहरीर मिलती है तो मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
घर के भीतर धू-धूकर जल मरी विवाहिता
मंगलवार रात अमीना गोराजू गांव में हुई घटना, परिजनों में कोहराम