कल्यानपुर(कौशाम्बी)। कोखराज के बम्हरौली प्रधानपति ने दबंगई की सारी हदें पार कर दी। खेत में बकरियों के घुसने पर उन्हें पकड़वाकर जबरन रेलवे पटरी पर बांध दिया। इसी बीच ट्रेन आई और बकरियों के परखच्चे उड़ाते हुए चली गई। इससे नाराज पशु पालकों ने टेढ़ीमोड़ चौकी का घेराव कर हंगामा किया। किसी तरह मामला शांत कराने के बाद कोखराज थाने की पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय दबंग प्रधानपति व पीड़ित पशु पालकों के बीच समझौता करा दिया।
कोखराज के बम्हरौली निवासी हीरालाल, सुरेश कुमार, पुर्रा और मनोज कुमार के बच्चे रविवार की सुबह बकरी चराने के लिए खेत की ओर गए थे। चरते हुए बकरियां प्रधानपति नियामत के खेत में चली गईं। जानकारी होने पर प्रधानपति अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और जबरन बकरियों को पकड़वा लिया।
इसके बाद बकरियों को ले जाकर गांव के सामने स्थित रेलवे पटरी पर बांध दिया। इसी बीच कानपुर से इलाहाबाद की ओर जाने वाली ट्रेन आई और बकरियों को कुचलते हुए निकल गई। रेलवे पटरी पर सात बकरियों के क्षत-विक्षत शव मिले, बाकी पांच बकरियां के शव गायब थे। इनमे हीरालाल की दो, सुरेश की तीन, पुर्रा की तीन और मनोज की चार बकरियां थीं। पशु पालकों के बच्चों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी तो वह आपे से बाहर हो गए।
वह मौके पर पहुंचकर हंगामा करने लगे। जानकारी होने पर टेढ़ीमोड़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। किसी तरह मामला शांत कराकर पीड़ित पक्ष को चौकी ले गई। प्रकरण गंभीर होने के कारण चौकी से पीड़ित पक्ष को थाना भेजा गया। वहां प्रधानपति नियामत को बुलाकर पुलिस ने समझौता करा दिया। पीड़ित पक्ष को प्रधान पति से बकरियों की कीमत दिलवा कर सुलहनामा लिखवाया गया। कोखराज के एसओ राम आसरे सरोज ने बताया कि प्रधानपति ने मृत बकरियों का मुआवजा देकर समझौता कर लिया है।
रेलवे पटरी पर दबंग ने बांधी बकरियां, उड़े चीथड़े
खेत में बकरियों के घुसने पर बम्हरौली के प्रधानपति ने दिखाई दबंगई
गुस्साए ग्रामीणों ने चौकी का घेराव कर किया हंगामा, पुलिस ने कराया समझौता