क्षेत्र के पथरा कला गांव में रविवार रात सेंध काटकर एक किसान के घर से चोरों ने करीब चार लाख रुपये का माल पार कर दिया। वहीं, पट्टीपर में एक दुकान से तकरीबन सवा लाख का सामान समेट ले गए। घटना की जानकारी सुबह हुई। पीड़ितों की तहरीर लेकर पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।
करारी कोतवाली क्षेत्र के पथरा कला गांव का रामभवन लोध किसानी करके परिवार का खर्च चलाता है। रविवार रात वह और उसके परिवार के सदस्य अपने कमरों में सो गए। इस दौरान पीछे की दीवार से सेंध काटकर भीतर घुसे चोर करीब तीन लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के गहने, अनाज, कपड़ा, बर्तन, बिस्तर सहित लगभग चार लाख का सामान उठा ले गए। घटना की जानकारी गृहस्वामी को सुबह हुई।
चोरी की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच की। हालांकि शुरूआती जांच में पुलिस के हाथ कुछ भी नहीं लगा। इसी तरह पट्टीपर निवासी बबलू यादव पुत्र सुंदर ने गांव में ही किराने की दुकान खोल रखी है। रात को शटर तोड़कर भीतर घुसे चोर उसकी दुकान से तकरीबन 30 हजार रुपया नकद और 85 हजार रुपये कीमत का सामान उठा ले गए। दुकानदार के साथ गृहस्वामी ने भी अज्ञात के खिलाफ चोरी की तहरीर पुलिस को दे दी है। मामले में करारी इंस्पेक्टर अर्जुन सिंह का कहना है कि चोरों की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।