विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान
-बीमारी से परेशान होकर उठाया आत्मघाती कदम
-कोखराज के चकिया गांव में शनिवार सुबह की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। कोखराज के ककोढ़ा गांव में शनिवार सुबह एक विवाहिता ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घर के भीतर रस्सी के फंदे से लटकता हुआ उसका शव देख परिजनों में कोहराम मच गया। चचौ है कि विवाहिता ने बीमारी से क्षुब्ध होकर आत्मघाती कदम उठाया है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फतेहपुर जिले के (किशुनपुर) शिल्मी निवासी जितेंद्र कुमार मेहनत-मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता है। उसकी पत्नी दुलारी देवी (30) का ननिहाल कोखराज के चकिया गांव में है। जितेंद्र पिछले कई सालों से पत्नी और तीन बच्चों के साथ चकिया में ही रहता है। उसने बताया कि काफी दिनों से पत्नी दुलारी की तबीयत खराब चल रही थी। दवा-इलाज के बाद भी हालात में नहीं सुधार हो रहा था। इससे दुलारी काफी परेशान रहती थी। शनिवार सुबह जब वह शौच के लिए चला गया तो पत्नी दुलारी ने घर के भीतर रस्सी के सहारे फंदा लगाकर धन्नी से लटक गई। लौटने पर घर के भीतर का नजारा देख उसकी चीख निकल गई। रोने-पीटने की आवाज सुनकर पड़ोसी इकट्ठा हो गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद शव पीएम के लिए भेज दिया। दोपहर बाद घर वालों ने गांव के बाहर ही महिला की लाश का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाद से मृतका के बच्चों की रो-रोकर हालत खराब है।
बोलेरो की टक्कर से सड़क पार कर रही महिला जख्मी
सिराथू (ब्यूरो)। कोखराज के ककोढ़ा गांव निवासी कल्लू की पत्नी ज्ञानती देवी (45) शनिवार को खेत गई थी। शाम को घर वापस लौटने के दौरान हाईवे पार करते समय इलाहाबाद की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने महिला को टक्कर मार दी। हादसे में गम्भीर रूप से घायल महिला को स्थानीय लोगों की मदद से इमरजेंसी वाहन के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
रसोईघर में आग का गोला बनी विवाहिता, गंभीर
-शनिवार दोपहर असरावल कला गांव में हुई घटना, परिजन हलाकान
अमर उजाला ब्यूरो
चायल (कौशाम्बी)। पिपरी के असरावल कला गांव में शनिवार दोपहर एक विवाहिता रसोईघर में आग का गोला बन गई। विवाहिता की चीख सुन मौके पर पहुंचे घर-परिवार के लोग आग से बचाते हुए नजदीकी अस्पताल ले गए। डॉक्टरो ने हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद इलाहाबाद रेफर कर दिया है।
पिपरी थाना क्षेत्र के असरावल कला गांव निवासी प्रेम प्रकाश राजगीर है। शनिवार सुबह वह इलाहाबाद काम पर गया था। दोपहर में पत्नी मालती देवी रसोईघर में खाना पका रही थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान चूल्हे की चिंगारी से साड़ी में आग लग गई। बदन में तपिस देख विवाहिता जब तक आग बुझाने का प्रयास करती जद में आ गई। चीख पुकार सुन घर परिवार के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। विवाहिता को आग से बचाते हुए परिवार के लोग उसे नजदीकी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद विवाहिता को एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। जहां विवाहिता की हालत नाजुक बनी हुई है। विवाहिता के झुलसने के बाद से पीड़ित परिवार के लोग हलाकान है।