मंझनपुर। पिपरी के जलालपुर घोसी गांव में मंगलवार की शाम सरेराह हमलावरों ने युवक को दबोच कर बेरहमी से पीट दिया। इसके बाद जान बचाकर भागे युवक पर हमलावरों ने तमंचे से फायर झाेंक दिया। गोली युवक के सिर के ऊपर से निकल गई। जान बचाकर थाने पहुंचे भुक्तभोगी ने घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। पीड़ित का प्राथमिक उपचार कराने के बाद पुलिस ने दो हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पिपरी के जलालपुर घोसी गांव का मोती लाल मंगलवार की शाम इलाहाबाद से घर लौट रहा था। गांव से कुछ दूरी पर पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उसे रोक लिया। जब तक वह कुछ समझ पाता हमलावरों ने युवक को दबोच कर पीटना शुरू कर दिया। हमलावरों के चंगुल में फंसा युवक जान बचाकर भागा तो हमलावरों ने तमंचे से उसके ऊपर फायर झोंक दिया।
तमंचे का फायर युवक के सिर के ऊपर से निकल गया। इससे वह बाल-बाल बच गया। जान बचाकर थाने पहुंचे भुक्तभोगी ने घटना की नामजद तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने युवक को प्राथमिक उपचार कराने के बाद तहरीर लेकर हमलावर निंबू लाल निवासी धूमनगंज इलाहाबाद और वकील के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ अर्जन सिंह ने बताया कि चुनावी रजिश में युवक के साथ मारपीट हुई है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल और हमलावरों के तलाश कर रही है।
सरेराह युवक को पीटा, तमंचे से झाेंका फायर
पुरानी अदावत में कातिलाना हमला किए जाने का आरोप, दो पर एफआईआर