कड़ा कुबरी गंगा घाट पर सोमवार सुबह एक किशोर नदी की लहरों में जिंदा समा गया। गहरे पानी में डूबने से किशोर की मौत हो गई। चीख-पुकार सुन मौके पर पहुंचे स्थानीय नाविकों ने घंटे भर की मशक्कत में शव नदी से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किशोर की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
सैनी कोतवाली के मसवानी कड़ा मोहल्ला निवासी जियालाल परिवार के साथ मुंबई में रहता है। सप्ताह भर पहले वह गांव एक शादी कार्यक्रम में शामिल होने परिवार के साथ आया। सोमवार सुबह उसका बेटा अश्वनी कुमार (11) कुबरी गंगा घाट पर नहाने के लिए गया था। नहाते समय वह नदी की लहरों में समा गया। गहरे पानी में जाने से किशोर की मौत हो गई। किशोर को नदी में डूबता देख घाट पर चीख-पुकार मच गई। शोर-शराबा सुन स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे और नदी में डूब रहे किशोर के शव को बाहर निकाला। किशोर के नदी में डूबने की खबर मिलते ही घर-परिवार के लोग भी रोते-बिलखते घाट पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
गंगा की लहरों में समाया किशोर, मौत
सोमवार की सुबह कड़ा के कुबरी घाट पर हुआ हादसा
नदी से नाविकों ने निकाला शव, परिजनों में मचा कोहराम