तमंचा सटा बदमाशों ने दो युवकों को पीटकर लूटा
- पूरामुफ्ती के काजीपुर गांव में अंग्रेजी शराब की दुकान के समीप हुई घटना
- पीड़ित ने दो लुटेरों को पहचाना, दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
चायल। पूरामुफ्ती के काजीपुर गांव में अंग्रेजी शराब की दुकान के पास शुक्रवार रात बदमाशों ने दो युवकों को लूट लिया। तमंचे की नोक पर लूटपाट करने के बाद बदमाश धमकियां देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने दो लुटेरों को पहचान लिया है। उसने नामजद तहरीर भी पुलिस को दी है।
पूरामुफ्ती इलाके के महगांव गांव का हातिम पुत्र तैयब शुक्रवार रात अपने पड़ोसी मो. जुहेब के साथ दूध लेने बाजार जा रहा था। काजीपुर गांव में अंग्रेजी शराब की दुकान के पास पहले से घात लगाकर बैठे चार बदमाशों ने उसे रोका। इसके बाद कनपटी पर तमंचा सटाकर हातिम से पांच हजार और जुहेब से दो हजार रुपया नकद लूट लिया। बदमाशों ने दोनों युवकों का मोबाइल भी छीन लिया। लूटपाट का विरोध करने पर लात-घूसों से पिटाई की। इसके बाद कहीं भी शिकायत करने पर जान से मार डालने की धमकी देते हुए फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ितों ने शोर मचाया तो मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सुबह पीड़ितों ने थाने जाकर पुलिस को दो नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ शिकायती पत्र दिया। मामले में पूरामुफ्ती इंस्पेक्टर भाष्कर मिश्र का कहना है कि पीड़ितों को मेडिकल के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
--------
सम्पत्ति को लेकर सगे भाइयों में खूनी संघर्ष, आठ जख्मी
- सरायअकिल के फकीराबाद मोहल्ले में हुई मारपीट
- दोनों पक्षों की तहरीर लेकर जांच में जुटी पुलिस
फोटो नं-26,27,28
अमर उजाला ब्यूरो
सरायअकिल। कस्बे के फकीराबाद मोहल्ले में शुक्रवार रात प्रॉपर्टी के विवाद को लेकर सगे भाइयों में खूनी संघर्ष हो गया। उनके बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में आठ लोगों को चोटें आई हैं। दोनों पक्षों की तहरीर लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फकीराबाद (खरकापर) निवासी पुजारी का उसके भाई केसपत से सम्पत्ति को लेकर झगड़ा चल रहा है। इसे लेकर इनके बीच आए दिन कहासुनी होती रहती है। शुक्रवार रात भी बहस हो रही थी। तभी दोनों के परिजन लाठी-डंडे से लैस होकर मौके पर आ गए। उन्होंने एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। मारपीट में केसपत, उसके बेटे उमेश, दिनेश, बुद्दी व बहू मंजू देवी को चोटें आई हैं। वहीं, दूसरी तरफ से पुजारी, उसका बेटा कमलेश और पत्नी कमलेशिया घायल है। झगड़े के दौरान शोर-शराबा सुन मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्षों ने थाने जाकर पुलिस को शिकायती पत्र दिया। मामले में सरायअकिल एसओ उमाशंकर यादव का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
----------