झोलाछाप का घर खंगाल ले गए चोर
-दीवार फांदकर घर के भीतर घुसे चोरों ने नगदी समेत डेढ़ लाख के गहने किए पार
अमर उजाला ब्यूरो
सरायअकिल।
बहुगरा गांव में सोमवार रात बेखौफ चोर झोलाछाप का घर खंगाल ले गए। दीवार फांदकर घुसे चोरों ने नगदी समेत करीब डेढ़ लाख रुपए के गहने आदि पार कर दिए। घटना की जानकारी परिजनों को हुई तो सभी सन्न रह गए। पड़ोसी के घर चोरी की भनक लगते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए पीड़ित से तहरीर लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के बहुगरा गांव निवासी कमलेश कुमार पुत्र रामलखन झोलाछाप चिकित्सक है। सोमवार रात परिवार के सभी लोग सो रहे थे। आधी रात को सभी गहरी नींद में थे। तभी चोर दीवार फांदकर घर के भीतर घुस गए। बेखौफ चोरों ने गृहस्थी वाले कमरे का ताला तोड़कर दस हजार नगदी के साथ दो किलो चांदी के गहने, बर्तन, कपड़ा आदि करीब डेढ़ लाख रुपए की संपत्ति पार कर दी। रात करीब दो बजे पीड़ित परिवार को घटना की जानकारी हुई। बिखरा सामान और कमरे का टूटा ताला देख परिजनों के होश उड़ गए। पड़ोसी के घर चोरी की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। चोरों की तलाश में ग्रामीणों ने घेराबंदी भी की पर सुराग नहीं लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करते हुए पीड़ित से तहरीर लेकर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
पलटने से बचा बालू लदा डंपर, हादसा टला
फोटो-
भरवारी (ब्यूरो)। कोखराज के भरवारी बाजार में मंगलवार सुबह बालू लदा डंपर पलटने से बच गया। चालक की सावधानी से बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि चालक का हाथ अचानक प्रेशर बटन पर पड़ गया था। हादसा देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि हादसे में कोई हताहत नहीं हुुआ।