रंगेहाथ दबोचा गया चोर, जमकर हुई पिटाई
मूरतगंज बाजार का मामला, पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर।
कोखराज के मूरतगंज में बुधवार की रात एक घर में घुसे चोर को रंगेहाथ दबोच लिया गया। उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। फिर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पकड़े गए युवक से पुलिस पूछताछ कर रही है।
मूरतगंज निवासी शब्बीर अली और उसके परिवार के सदस्य बुधवार रात खाने के बाद सो गए। इस दौरान दीवार फांदकर एक युवक भीतर घुस आया। कमरे में दाखिल होने के बाद वह आलमारी का ताला तोड़ रहा था। इस बीच आहट होने पर घर के सदस्यों की नींद खुल गई। उन्होंने शोर मचाया तो मौके पर पड़ोसियों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घेरकर युवक को पकड़ लिया। उसकी बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद स्थानीय चौकी पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए युवक से पुलिस पूछताछ कर रही है। बतादें कि कोखराज इलाके में अभी हाल ही में चोरी की कई घटनाएं हुई हैं। पुलिस को लग रहा है कि पकड़ा गया युवक उन वारदातों का राज उगलेगा। कोखराज एसओ राकेश चौरसिया का कहना है कि बारीकी से पूछताछ के बाद आरोपी का चालान किया जाएगा।
-----------
जुए की फड़ में चले लाठी-डंडे, आधा दर्जन जख्मी
बेईमानी करने को लेकर जुआरियों में हुई मारपीट
पिपरी के कटहुला गांव में हर रोज होता है लाखों का जुआ
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर।
पिपरी के कटहुला गांव में गुरुवार की सुबह बेईमानी को लेकर जुआरियों में मारपीट हो गई। इनके बीच जमकर लाठी-डंडे चले। झगड़े में आधा दर्जन जुआरियों को चोटें आई हैं। स्थानीय पुलिस ऐसी किसी घटना की जानकारी से इनकार कर रही है।
पिपरी क्षेत्र के कटहुला गांव में हर दिन जुए की फड़ बैठती है। बताया जाता है कि यहां रोज लाखों का वारा-न्यारा होता है। गुरुवार सुबह भी फड़ बैठी थी। इस दौरान बेईमानी को लेकर जुआरियों में कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते लाठी-डंडे निकल आए। जुआरियों ने एक-दूसरे को जमकर पीटा। साथियों ने ही बीच बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। पास के अलग-अलग निजी अस्पतालों में घायलों ने अपना इलाज कराया है। चर्चा है कि इलाहाबाद का एक जिला पंचायत सदस्य पुलिस से सांठगांठ करके कटहुला गांव में जुआ खेलवाता है। शहर की पीपलगांव चौकी क्षेत्र में आने वाला बजहा गांव कौशाम्बी की सीमा से सटा हुआ है। इस गांव में भी वही सदस्य फड़ बैठाता है। पहले भी फड़ में जुआरियों के बीच खूनी संघर्ष हो चुका है। पर, सबकुछ जानने के बाद भी पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी हुई है। मामले में पिपरी एसओ अर्जुन सिंह का कहना है कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।