दबंग ने दीवार खड़ी कर रोका रास्ता
डीएम के गोद लिए गांव मोअज्जमपुर का मामला, शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर । डीएम के गोद लिए गांव मोअज्जमपुर का एक नेता दबंगई पर उतारू है। अफसरों के हस्तक्षेप पर हफ्ते भर पहले उखाड़ी गई इंटरलॉकिंग को दोबारा लगवाने के बाद उस पर दीवार खड़ी कर दिया है। इसके चलते लोगों का आवागमन बाधित हो गया है। पीड़ितों ने मामले की शिकायत डीएम से लेकर सीएम तक से की है।
सदर ब्लॉक के मोअज्जमपुर गांव में बसपा शासनकाल के दौरान तत्कालीन जिला पंचायत अध्यक्ष ने दलित बस्ती में इंटरलॉकिंग लगवाई थी। हफ्ते भर पहले बस्ती में ही रहने वाले दबंग नेता ने इंटरलॉकिंग उखाड़कर रास्ता रोक दिया था। शिकायत के बाद डीएम के निर्देश पर अफसरों की टीम ने गांव पहुंचकर जांच-पड़ताल की। इसके बाद दोबारा इंटरलॉकिंग लगवाने का निर्देश दिया। बस्ती की रामकली, राजकली, भगवनिया, उर्मिला, सीमा रेखा देवी, मोतीलाल आदि ग्रामीणों ने बताया कि सत्ता की हनक पर दबंग नेता ने इंटरलॉकिंग लगवाने के बाद रास्ते पर दीवार खड़ी कर दी है। इससे आवागमन बाधित हो गया है। बुधवार को पीड़ितों ने मामले की शिकायत डीएम के साथ ही सीएम को भी पत्र भेजकर की है।
भट्ठा संचालक ने कराया अवैध मिट्टी खनन
चायल के सैयद सरावां गांव का मामला, ग्रामीणों ने की शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर । चायल तहसील के सैयद सरावां गांव की बंजर भूमि से एक भट्टा संचालक ने भारी मात्रा में मिट्टी का अवैध खनन कर ईंटें बनवा लिया है। आरोप है कि खनन विभाग के साथ ही तहसील प्रशासन से शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। बुधवार को ग्रामीणों ने मामले की शिकायत डीएम से की है।
सैयद सरावां की आराजी संख्या 101 रकबा 0.1625 हेक्टेयर ग्राम सभा में तथा आराजी संख्या 178 रकबा 0.4560 बंजर दर्ज है। आरोप है कि उक्त भूमि से मनौरी बाजार निवासी एक भट्ठा संचालक मिट्टी का अवैध खनन कर लिया है। तकरीबन 12 फिट खुदाई होने से भूमि पर भारी गड्ढा हो गया है। इसकी शिकायत खनन विभाग के साथ ही तहसील प्रशासन से की जा चुकी है। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। बुधवार को गांव के इरशाद, कुल्लू, राजेंद्र कुमार, मंगला प्रसाद, हुबलाल आदि ग्रामीणों ने डीएम से मिलकर मामले की शिकायत की है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कराने के साथ ही भट्ठा संचालक से खनन की रायल्टी जमा कराने की मांग की है।