रामपुर सुहेला में भूमि पर कब्जे को लेकर तनातनी
ग्राम प्रधान पर साथियों संग भूमि कब्जाने का आरोप, जांच शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के रामपुर सुहेला गांव में भूमि पर कब्जे को लेकर तनातनी बनी हुई है। स्थिति यह है कि दो पक्षों के बीच किसी भी वक्त खून-खराबा हो सकता है। इससे पहले एक पक्ष ने एसपी से शिकायत करके कार्रवाई की मांग की है।
रामपुर सुहेला निवासी दिलशाद बाबू पुत्र निसार ने बताया कि वह वर्तमान में करारी के चमनगंज में परिवार सहित रहता है। दो दिन पहले ग्रामीणों की सूचना पर पैतृक गांव जाकर देखा तो ग्राम प्रधान साथियों संग मिलकर उसकी भूमिधरी जमीन पर अवैध निर्माण करा रहा था। पीड़ित की मानें तो इसका विरोध करने पर प्रधान ने उसे जान से मारने की धमकी दी। यह भी आरोप है कि तमंचा लेकर भी दौड़ा लिया। ग्रामीणों के मुताबिक अवैध कब्जे को लेकर गांव में दोनों पक्षों में तनाव है। एसपी प्रदीप गुप्ता के निर्देश पर कोखराज पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। मामले में कोखराज इंस्पेक्टर राकेश सरोज का कहना है कि जल्द ही पैमाइश कराकर विवाद खत्म करा दिया जाएगा। दोनों पक्षों की गतिविधियों पर निगाह रखी जा रही है। किसी ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की तो कार्रवाई की जाएगी।