नगर कोतवाली क्षेत्र के भरसवां गांव में रहने वाले एक किसान से फर्जी बोरिंग प्रमाण पत्र थमाकर शातिर ने 20 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने शुक्रवार को इसकी शिकायत एसपी से करके कार्रवाई की मांग की है।
भरसवां निवासी मनीष पुत्र रामदीन किसानी करके परिवार का खर्च चलाता है। करीब दो महीने पहले उसने खेतों की सिंचाई के लिए नलकूप लगवाया था। बोरिंग का प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर करारी इलाके के उखैया खास में रहने वाले एक शातिर ने उससे 20 हजार रुपया ले लिया। पीड़ित की मानें तो शातिर ने रकम लेने के दो दिन बाद ही फर्जी प्रमाण पत्र दे दिया।
अफसरों के जरिए पीड़ित को फर्जीवाड़े और ठगे जाने की जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। पीड़ित का कहना है कि अभी तक शातिर रकम लौटाने का वादा करता था। अब रुपया मांगने पर जान से मार डालने की धमकी देता है। गुरुवार को भी तकादा करने पर मंझनपुर चौराहे पर धमकाया। एसपी प्रदीप गुप्ता ने आरोपों को गंभीरता से लेते हुए करारी इंस्पेक्टर को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।