मवेशी बचाने में पोल से टकराई बाइक, एक की मौत
-सरायअकिल के चौपुरवा गांव के पास हुआ रविवार को हुआ हादसा
फोटो नं-9 और 10
अमर उजाला ब्यूरो
मनौरी/सरायअकिल। सरायअकिल के चौपुरवा गांव के पास रविवार दोपहर बेकाबू बाइक सड़क किनारे लगे पोल से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि साथ रहा एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मवेशी को बचाने में हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा है।
पिपरी के लोधौर गांव निवासी कल्लू माली मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता है। उसका इकलौता बेटा धर्मेंद्र कुमार (22) दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था। पिछले दिनों वह अपनी बीमार दादी को देखने घर आया था। रविवार को वह ही साथी विमलेश पुत्र हुबलाल पासी के साथ मेला देखनेे के लिए पभोषा जा रहा था। रास्ते में सरायअकिल के चौपुरवा गांव के पास अचानक सामने भैंस आने से अनियंत्रित हुई बाइक सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से भिड़ गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन फानन दोनों को इलाज के लिए इलाहाबाद ले जाया जा रहा था। मगर इनमें से धर्मेंद्र ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया जबकि गंभीर रूप से घायल विमलेश को तिल्हापुर मोड़ बाजार स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से परिवार में रोना-पीटना मचा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
--------------------
बुझ गया घर का इकलौता चिराग
धर्मेंद्र अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था। बेटे की खुशी के लिए कल्लू कुछ भी करने को तैयार रहता था। पिछले आठ जनवरी को जब धर्मेंद्र घर आया तो परिवार में खुशियों का माहौल था। रविवार को जब वह मेला देखने के लिए पभोषा जाने की जिद करने लगा तो कोई उसे रोक नहीं सका। घर के इकलौता चिराग बुझने से कल्लू के जीवन में अंधेरा छा गया।
--------------------