किसान का घर खंगाल ले गए चोर
-सेंधमारी कर नगदी समेत 50 हजार का सामान किया पार, जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
करारी(कौशाम्बी)। दरियापुर गांव में शुक्रवार रात बेखौफ चोर किसान का घर खंगाल ले गए। सेंध लगाकर भीतर घुसे चोरों ने नगदी समेत करीब 50 हजार की संपत्ति पार कर दी। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करते हुए पीड़ित से तहरीर लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
करारी थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव निवासी धंधू प्रसाद किसान है। शुक्रवार रात वह परिवार के साथ घर के बाहर बरामदे में सोया था। रात घर के पीछे नकब काटकर घुसे चोरों ने दो हजार नगदी के साथ बर्तन, कपड़ा, खाद्यान्न, गहने आदि करीब 50 हजार रुपए की संपत्ति पार कर दी। घटना की जानकारी पीड़ित परिवार को सुबह हुई। घर का बिखरा सामान देख लोग सन्न रह गए। पड़ोसी के घर चोरी की भनक लगते ही मौके पर लोगों का मजमा जमा हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची ने मौका मुआयना करते हुए पीड़ित से तहरीर लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस गश्त नहीं होने से बेखौफ चोर रोजाना मकान-दुकान खंगाल रहे हैं। इसे लेकर गांव के लोग डरे-सहमे हैं।
-------------------
मवेशी खोल ले गए चोर
करारी (ब्यूरो)। दरियापुर गांव निवासी जगतलाल की घर से कुछ दूरी पर पशुशाला है। शुक्रवार रात मवेशी चोरों ने पशुशाला में बंधे पशु खोल ले गए। घटना की जानकारी पीड़ित को सुबह हुई। खोजबीन करने के बाद पीड़ित थाने पहुंचा और घटना की शिकायत पुलिस से की। भुक्तभोगी पशुपालक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
----------------------
भाभी को पीटकर किया लहूलुहान
चायल (ब्यूरो)। पिपरी गांव में शनिवार की सुबह देवरानी-जेठानी के विवाद में युवक ने भाभी को बेरहमी से पीटते हुए अधमरा कर दिया। गांव निवासी लवकुश शनिवार की सुबह घर के बाहर भौजाई लक्ष्मी देवी पत्नी ज्ञानचंद्र के साथ अलाव ताप रहा था। इसी दौरान लवकुश पत्नी पहुंची और जेठानी लक्ष्मी से भिड़ गई। युवक के मना करने पर भी झगड़ा नहीं बंद हुआ। इस पर युवक ने लक्ष्मी देवी को बेरहमी से पीटते हुए लहूलुहान कर दिया। मारपीट देख मौके पर पहुंचे घर-परिवार के लोगों ने बीच-बचाव करते हुए मामला शांत कराया। पीड़िता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
रोडवेज बस-ट्रक की टक्कर, चालक-परिचालक जख्मी
चायल (ब्यूरो)। हाईवे पर सल्लालहपुर के समीप शनिवार की सुबह इलाहाबाद से कानपुर जा रही मिर्जापुर डिपो की बस सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गई। दुर्घटना में बस चालक प्रेम कुमार और परिचालक अंगद घायल हो गए। दुर्घटना देख आस-पास मौजूद लोग भागकर मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक और परिचालक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए बस सवार मुसाफिरों को दूसरे डिपो की बस में बैठाते हुए रवाना किया। ट्रक-बस की भिड़ंत में करीब आधा घंटे हाईवे पर जाम लगा रहा।