पुरामुफ्ती गांव में सोमवार की दोपहर अलाव का धुआं घर में जाने को लेकर महिला ने पड़ोसन को पीटकर लहूलुहान कर दिया। महिलाओं के बीच मारपीट देख मौके पर पहुंचे आस-पास के लोगों ने बीच-बचाव करते हुए मामला शांत कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल विवाहिता को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए हमलावर महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुरामुफ्ती गांव की रहने वाली रामकली पत्नी बचई लाल सोमवार की दोपहर बरामदे में अलाव जलाकर ताप रही थी। घर के अन्य सदस्य खेत की ओर गए थे। बताया कि अलाव का धुआं पड़ोस में रहने वाली महिला के घर जा रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी झड़प हो गई।
कहासुनी के दौरान महिला ने रामकली के सिर पर डंडे से प्रहार कर दिया। जोरदार प्रहार होने से विवाहिता चीखते हुए लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। महिलाओं के बीच खून-खराबा देख आस-पास के लोग भागकर मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करते हुए मामला शांत कराया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल विवाहिता को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए हमलावर महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि पुरानी रंजिश में मारपीट हुई है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।