बेखौफ चोरों ने पुलिस गश्त की कलई खोलते हुए सिराथू में सीओ दफ्तर के समीप मुख्य मार्ग के किनारे लगे ट्रांसफार्मर से लाखों का तेल और तांबे का तार पार कर दिया। एसडीओ की मानें तो ट्रांसफार्मर से करीब 4 लाख रुपये का तेल और तांबे का तार चोरी हुआ है। सुबह सड़क किनारे फेंका हुआ ट्रांसफार्मर देख लोगों के होश उड़ गए। रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस चोरों का पता लगाने में जुटी है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के सिराथू कस्बे में धाता मार्ग पर सीओ सिराथू का कार्यालय और आवास दोनों बना है। इसी से चंद कदम पर पुलिस चौकी भी है। सीओ दफ्तर से ही 10 कदम पर सड़क किनारे 400 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। सोमवार की रात इसी उच्च क्षमता के ट्रांसफार्मर को खोलकर चोर उसमें भरा करीब दो ड्रम तेल और तांबे का तार खोल ले गए। सुबह सड़क किनारे ट्रांसफार्मर फेंका देख स्थानीय लोगों के होश उड़ गए।
उधर, ट्रांसफार्मर खोलकर तेल, तार चोरी होने से कैथनबाग, जयंतीपुर, मिसनिहाई, गुलरिहापुर आदि इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। विभागीय अभियंता ने बताया कि ट्रांसफार्मर से चोरी हुआ तार और तेल करीब 4 लाख रुपये का था। मंगलवार की सुबह ट्रांसफार्मर खोलकर तेल, तार चोरी होने की जानकारी लगते ही मौके पर पुलिस भी पहुंची। मौका मुआयना करके पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है। मामले में सिराथू चौकी प्रभारी राकेश गौतम का मानना है कि ट्रांसफार्मर से तेल, तार चोरी की घटना में विभागीय कर्मचारियों के हाथ होने की संभावना है। बताया कि मामले की तफ्तीश की जा रही है। जल्द ही खुलासा कर लिया जाएगा।