मंझनपुर। अवैध वसूली का वीडियो वायरल होने के मामले में शुक्रवार को एसपी ने टेवां चौकी प्रभारी व आठ सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया। सीओ सिटी को मामले की जांच सौंप दी है। जांच में आरोप सही पाए गए तो निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
जिले भर में बालू लदे वाहनों से खुलेआम वसूली की जाती है। चौकी-थानों के सामने सिपाही व होमगार्ड बेखौफ होकर चालकों से रुपये वसूलते हैं। बताया जाता है कि इस रकम में होमगार्ड से लेकर थानेदार तक का हिस्सा होता है। आरोप है कि गुरुवार को टेवां चौकी इंचार्ज एक बाहरी व्यक्ति से चौकी के सामने वसूली करवा रहे थे। किसी ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वीडियो पर नजर पड़ते ही एसपी प्रदीप गुप्ता बिफर गए। उन्होंने चौकी प्रभारी राजीव कुमार त्रिपाठी, सिपाही श्याम बहादुर, जवाहरलाल, जटाशंकर, इदरीश खान व वीरेन्द्र रॉय सहित आठ सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया। एसपी ने बताया कि सीओ मंझनपुर को प्रकरण की जांच सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट में आरोप सही पाए गए तो दोषी पुलिस कर्मचारियों को निलंबित कर दिया जाएगा। कार्रवाई के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। एसपी के मुताबिक कहीं से भी वसूली की शिकायत मिली तो कार्रवाई में कोई कोताही नहीं की जाएगी।