मंझनपुर । नगर कोतवाली क्षेत्र के ओसा चौराहे पर गुरुवार रात मोबाइल की दुकान व इंटर कॉलेज से चोरों ने नगदी सहित करीब उेढ़ लाख का माल पार कर दिया। घटना की जानकारी दुकानदार को सुबह हुई। उसने अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी है।
ओसा चौराहा निवासी कुलदीप सोनकर ने घर में ही मोबाइल की दुकान खोल रखी है। गुरुवार रात दरवाजा तोड़कर भीतर घुसे चोर उसकी दुकान से 25 हजार रुपया नगद और करीब एक लाख रुपया कीमत के 15 मोबाइल उठा ले गए। सुबह दुकानदार को घटना की जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। चोरी की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच की। पुलिस के मुताबिक दरवाजा भीतर का टूटा हुआ है। इसलिए परिवार के सदस्यों पर ही घटना को अंजाम देने का शक है। मामले में नगर कोतवाल पवन त्रिवेदी का कहना है कि जांच की जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा। इसके बाद चोर करीब स्थित श्री दुर्गा देवी इंटर कॉलेज का दरवाजा तोड़कर तकरीबन 25 हजार रुपये कीमती खेलकूद का समान उठा ले गए। कॉलेज प्रिंसिपल चुन्नीलाल ने शुक्रवार की सुबह कोतवाली में घटना की तहरीर दी है।