चायल। पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के उमरछा गांव में मंगलवार सुबह घटिया सामग्री से नाली निर्माण कराने का विरोध करने पर प्रधान ने एक युवक की पिटाई कर दी। पीड़ित ने रायफल की बट से पीटने का इल्जाम लगाते हुए आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
उमरछा निवासी कुमन चंद्र ने बताया कि गांव में नाली का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें मानक की अनदेखी की जा रही है। पीड़ित के मुताबिक सोमवार सुबह उसने घटिया सामग्री लगाने का विरोध किया तो प्रधान अपशब्द कहने लगा। ऐतराज जताने पर अपने साथी के साथ मिलकर उसने रायफल की बट से पिटाई शुरू कर दी। शोर पर ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया। पीड़ित का आरोप है कि तहरीर लेकर कोतवाली जाते वक्त रास्ते में रोककर भी प्रधान ने उसे मौत के घाट उतारने की धमकी दी। मामले में पूरामुफ्ती इंस्पेक्टर राकेश चौरसिया का कहना है कि आरोपों की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।