सदर थाना क्षेत्र के टेवां गांव में ब्याही एक विवाहिता को ससुरालियों ने सोमवार को पीटकर घर से निकाल दिया। बाइक और करीब तीन लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर यातनाएं दे रहे थे। मंगलवार को पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई। पुलिस अधीक्षक ने पीड़िता को जांच कर रिपोर्ट दर्ज कराने का आश्वासन दिया है।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के देवरा गांव की रहने वाली सविता देवी की शादी करीब पांच साल पहले टेंवा गांव के रघुवीर से हुई थी। विवाहिता ने बताया कि शादी के छह महीने बीतने के बाद से ही ससुराल के लोग मायके से बाइक और तीन लाख रुपये लाने के लिए सितम ढाने लगे। मारपीट के साथ उसे कई दिनों तक भूखा-प्यासा भी रखा गया। सोमवार को उसे बेरहमी से पीटते हुए घर से निकाल दिया। पति के साथ ससुराल के अन्य लोगों की पिटाई से आहत विवाहिता मायके पहुंची और आपबीती परिजनों को बताई।
खून से लथपथ बेटी को देख मायके वालों के होश उड़ गए। दोनों परिवारों के बीच बिरादरी की पंचायत भी हुई। पर ससुराल वाले युवती को साथ ले जाने के लिए राजी नहीं हुए। सोमवार को ही पिता के साथ मंझनपुर थाने पहुंची विवाहिता ने नामजद तहरीर पुलिस को दी। कोतवाली में पुलिस के नहीं सुनने पर विवाहिता ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस अधीक्षक ने पीड़िता के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने का आश्वासन दिया है।