कोखराज। यौन शोषण के बाद गर्भपात कराने से हुई छात्रा की मौत मामले में सोमवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया। सलाखों के पीछे भेजे जाने वालों में मृतका का प्रेमी और गर्भपात कराने वाली महिला शामिल है।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता ने सोमवार को कोखराज कोतवाली में पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि तरसौरा निवासी श्रीकांत पुत्र ज्ञानचंद्र पटेल ने प्रेम जाल में फंसाकर करीब एक साल तक छात्रा का यौन शोषण किया था। जिसकी वजह से छात्रा गर्भवती हो गई थी। इस वक्त उसके पेट में तकरीबन चार माह का गर्भ था। इसकी जानकारी होने पर आरोपी ने इलाके के रमपुरवा गांव की झोलाछाप डॉक्टर फूलमती पत्नी हेमराज पटेल से शनिवार को गर्भपात करा दिया। जिसके बाद छात्रा की मौत हो गई। मामले में मृतका के भाई की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपियों को रविवार को ही पुलिस ने पकड़ लिया था। सोमवार को पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।