चरवा क्षेत्र के रामपुर गांव की रहने वाली एक विवाहिता ने आशा बहू पर इलाज के बहाने नसबंदी करा देने का आरोप लगाया है। आरोप है कि शिकायत करने पर भी पुलिस ने आशा बहू के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। सोमवार को पीड़िता ने एसपी से शिकायत की।
रामपुर गांव की रहने वाली निबुलिया देवी पत्नी राजू ने बताया कि करीब दो महीने पहले उसके पेट में तेज दर्द हो रहा था। स्थानीय डाक्टरों से कई बार दवा लेने के बाद भी उसे आराम नहीं मिला, तो उसने पेट दर्द की यह समस्या आशा बहू को बताई। आरोप है कि आशा बहू को उसे चेकअप और इलाज कराने के बहाने सरायअकिल सीएचसी ले गई। जहां इलाज के नाम पर उसकी नसबंदी करा दी गई।
इसके बाद भी जब उसके पेट में दर्द से राहत नहीं मिली, तो उसने एक प्राइवेट चिकित्सक से परामर्श किया। जहां चेकअप के दौरान पता चला कि उसकी नसबंदी करा दी गई है। सोमवार को पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत करते हुए आशा बहू के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसपी वीके मिश्र ने एसओ चरवा को प्रकरण की जांच करके कार्रवाई का निर्देश दिया है।