सैनी कोतवाली क्षेत्र के कमंगलपुर गांव के पास दस दिन पहले वेस्टर्न यूनियन के एजेंट की आंख में मिर्च पाउडर झोंक कर बदमाशों ने करीब दस लाख रुपये लूट लिए थे। सैनी पुलिस व एसओजी ने मुखबिरों की सूचना पर दो बदमाशों को धर दबोचा। पुलिस ने लुटेरों के कब्जे से साढ़े पांच लाख रुपये, तमंचा, मोबाइल व चोरी की बाइक भी बरामद किया। पुलिस ने बदमाशों को जेल भेज दिया। एसपी ने इस सफलता के लिए टीम को पांच हजार रुपये का पुरस्कार भी दिया।
देवीगंज निवासी सरताज पुत्र इकबाल वेस्टर्न यूनियन का एजेंट है। आठ सितंबर को वह देवीगंज की एसबीआई शाखा से दस लाख रुपये निकाल कर अपनी दुकान जा रहा था। कमंगलपुर गांव के पास एक दो बाइक पर सवार पांच लोग आए और सरताज की आंख में मिर्च पाउडर डालकर रुपयों से भरा का बैग लेकर फरार हो गए। भुक्तभोगी ने घटना की जानकारी सैनी पुलिस को दी। पुलिस ने नाकेबंदी कर बदमाशों की धर पकड़ शुरू कर दी लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। सरताज की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना की पड़ताल शुरू कर दी। जनपद की अब तक की सबसे बड़ी लूट होने के कारण पुलिस सक्रिय हो गई। एसपी ने लूट के खुलासे के लिए सैनी पुलिस व एसओजी को लगा दिया।
पुलिस ने मुखबिरों का जाल बिछा दिया। एसओ विपिन त्रिवेदी व एसओजी प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह ने टीम के साथ लूट में शामिल सैनी के अल्पी का पूरा निवासी महेंद्र सिंह पुत्र शीतला प्रसाद, कोखराज के नथई का पूरा के वीरेंद्र कुमार पुत्र जगपाल को गिरफ्तार कर लिया। मौके से दो आरोपी मानसिंह पुत्र रतनलाल और राजेंद्र उर्फ मन्ना पुत्र परशुराम निवासी नगियामई फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। बदमाशों के कब्जे से पांच लाख रुपये, 12 मोबाइल सेट, दो अदद तमंचा, दो जिंदा कारतूस, चोरी की अपाचे व डिस्कवर बाइक बरामद किया। बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि उन लोगों ने सरताज को इससे पहले भी बैंक से पैसे निकाल कर लाते हुए देखा था। घटना को अंजाम देने के लिए दो बाइक दो स्थानों से चुराई गई थी।