मंझनपुर । पूरब सरावां के एक दबंग की हरकतों से आजिज ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि दबंग ने अपना आपराधिक इतिहास छिपाते हुए फर्जी पते से लाइसेंस ले लिया और उसी की धौंस देकर ग्रामीणों को सताता है।
गांव के दिलीप कुमार, लालू, सोहन लाल सहित दर्जनों की संख्या में पहुंचे लोगों का कहना था कि दबंग के खिलाफ पश्चिम शरीरा और महेवाघाट थाने में आपराधिक मुकदमें दर्ज है। इसके बावजूद उसने सैनी इलाके के एक गांव का पता लगाकर लाइसेंस हासिल कर लिया। आए दिन किसी न किसी ग्रामीण को उससे बेइज्जत होना पड़ रहा है। आरोप है कि उसी ने फर्जी आरोपों के सहारे प्रधान को निलंबित करवा दिया अब वह मनमानी करने के लिए सदस्यों पर बेजा दबाव बना रहा है। सदस्यों ने दोबारा जिलाधिकारी से मिलकर प्रधान को बहाल कराया। इसी बात से वह नाराज होकर लोगों को परेशान कर रहा है। डीएम ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस मौके पर शिवचरन, बच्चीदेवी, ममता देवी, गीता देवी, विनोद सोनकर आदि ग्रामीण भी रहे।