पइंसा। इलाके के उदिहिन चौराहे के समीप से शुक्रवार को कार सवारों ने दिनदहाड़े एक युवक का अपहरण कर लिया। लेनदेन के विवाद में वारदात हुई। पुलिस ने अपहृत को बरामद कर लिया है। इसकी तहरीर पर चार के खिलाफ केस दर्ज कर सभी की गिरफ्तारी कर ली गई है।
फतेहपुर जिले के खखरेरु थाना स्थित औहेरवा गांव का मो. साबिर पुत्र सैयद अली दसवीं का छात्र है। शुक्रवार को वह परीक्षा देने कुंड्रावी स्थित परीक्षा केन्द्र आया था। साथ में पड़ोसी इमरान पुत्र अच्छन भी था। लौटते वक्त उदिहिन चौराहे पर कार सवार चार लोगों ने इन दोनों को रोक लिया। इसके बाद जबरन इमरान को कार में बैठाकर भाग निकले। साथी को अगवा किए जाने पर साबिर ने शोर मचाया। इस पर मौके पर तमाम ग्रामीण आ गए। दिनदहाड़े अपहरण की खबर मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने घेराबंदी करके महगांव स्थित एक बाग से अपहृत को बरामद करने के साथ सभी अपहर्ताओं को भी धर दबोचा। पकड़े गए अपहर्ताओं की पहचान मो. इरशाद पुत्र नूर मोहम्मद निवासी मूरतगंज, मस्ताक अली पुत्र माहर्रम, सोनू पुत्र रफीस व फराज कमर पुत्र कमरुज्जमा निवासी महगांव के रूप में हुई थी। एसपी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि इमरान ने सोनू से दो महीने पहले 85 हजार रुपये विदेश भेजने के नाम पर लिए थे। इसी रकम को लेकर विवाद चल रहा था। रुपये वसूलने के लिए अपहरण किया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। ब्यूरो