मंझनपुर (ब्यूरो)। नगर कोतवाली क्षेत्र के निजामपुर नौगीरा ग्राम प्रधान ने बुधवार शाम साथियों संग घर में घुसकर एक वृद्ध महिला को पीटा। पीड़िता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरी ओर सेक्रेटरी ने पीड़ित महिला के बेटे के खिलाफ अपशब्द कहने की तहरीर पुलिस को दी है।
निजामपुर नौगीरा ग्राम विकास अधिकारी जितेन्द्र कुमार शुक्ला बुधवार शाम प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों का घर-घर जाकर सत्यापन कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इस दौरान गांव का ही शैल कुमार आया और आवास की मांग करने लगा। सूची में नाम नहीं होने की बात कहकर उसे आवास देने से मना किया गया तो अपशब्द कहने लगा। उसने प्रधान रामबाबू से भी भिड़ने की कोशिश की। वहीं, दूसरी ओर शैल कुमार का आरोप है कि प्रधान-सेक्रेटरी ने अपात्रों को आवास योजना का लाभ दिया है। इसका विरोध करने को लेकर कहासुनी हुई। इसी के बाद प्रधान अपने भाइयों व अन्य साथियों के साथ घर पर चढ़कर गाली-गलौच करने लगे। विरोध करने पर वृद्ध मां संपतिया की पिटाई कर दी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दे दी है। मामले में मंझनपुर कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल तहरीर उन्होंने देखी नहीं है।