मंझनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र की एक युवती की फोटो पड़ोसी युवकों ने अश्लील गाने के साथ वीडियो बनाकर फेसबुक पर अपलोड कर दी। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद उन्हें जेल भेजा जाएगा।
मंझनपुर क्षेत्र के एक व्यक्ति ने बताया कि पड़ोसी दो युवकों ने उसकी बेटी की फोटो सोशल साइट के जरिये हासिल कर ली। इसके बाद मिक्सिंग कर अश्लील गाने के साथ फोटो का वीडियो बना लिया। वीडियो में दोनों युवकों ने अपनी तस्वीर भी डाली है। फेसबुक पर अपलोड वीडियो पर नजर पड़ते ही युवती के होश उड़ गए। मामले की जानकारी होने पर उसके परिजन भी सन्न रह गए। पीड़ित लड़की के पिता ने आरोपियों के खिलाफ शुक्रवार को पुलिस को तहरीर दे दी। पुलिस ने आरोपों को गंभीरता से लेते हुए दबिश देकर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में नगर कोतवाल पवन त्रिवेदी का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज करके शनिवार सुबह मुल्जिमों को जेल भेजा जाएगा। बतादें कि छह महीने पहले करारी इलाके की एक युवती का अश्लील वीडियो पड़ोसी ने व्हाट्सएप पर अपलोड कर दिया था। कोखराज क्षेत्र में भी महीने भर पहले इस तरह की घटना हो चुकी है। एसपी प्रदीप गुप्ता का कहना है कि महिला उत्पीड़न संबंधी मामलों में पुलिस दोषियों के साथ किसी तरह की कोई रियायत नहीं करती। ऐसा करने वाले पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।