मंझनपुर/पश्चिमशरीरा। तमाम प्रयासों के बावजूद घाटों पर बालू की ओवरलोडिंग नहीं रुक रही है। सोमवार को रात भर चले अभियान में इसका खुलासा हुआ। डीएम-एसपी के निर्देश पर टीम ने महेवाघाट इलाके से बालू से ओवरलोड करीब 52 वाहनों को सीज कर दिया। कार्रवाई से बालू कारोबारियों, वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया है।
जिले के महेवाघाट में बालू खनन के लिए दो खंड आवंटित है। इन खंडों में मशीनों से बालू की ओवरलोडिंग की शिकायतें मिल रही थी। रविवार के अंक में अमर उजाला ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके अगले दिन डीएम मनीष कुमार वर्मा, एसपी प्रदीप कुमार गुप्ता ने एसडीएम सदर विवेक चतुर्वेदी की अगुवाई में पुलिस,परिवहन एवं खनन की संयुक्त टीम गठित की। टीम में शामिल एआरटीओ शंकरजी सिंह, खनन निरीक्षक राज रंजन, सीओ सिटी मोइन खान आदि ने पुलिस फोर्स लेकर सोमवार रात महेवाघाट इलाके में चेकिंग अभियान चलाया।
इसकी जानकारी मिलने पर वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। चालक बालू लदे वाहनों को खड़ाकर इधर-उधर खिसक गए। अफसरों ने खोज-खोजकर ढाबों, सड़क किनारे अथवा लिंक मार्ग में घुसे वाहनों को पकड़ लिया। एआरटीओ शंकर जी सिंह ने बताया कि सोमवार रात 11 बजे से मंगलवार सुबह छह बजे तक चले अभियान के दौरान बालू से ओवरलोड करीब 12 ट्रक-डंपर एवं 40 ट्रैक्टर आदि वाहनों को सीज किया गया। सभी वाहनों को कृषक इंटर कॉलेज हिनौता के खेल मैदान में खड़े कराकर पुलिस के हवाले कर दिया गया।