मंझनपुर। कोतवाली के काटी पर गांव में बुधवार की सुबह जहरीला पदार्थ खाने से युवक की मौत हो गई। चर्चा है कि रात किसी बात को लेकर परिजनों से तीखी झड़प होने के बाद युवक ने आत्मघाती कदम उठाया है। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मंझनपुर कोतवाली के काटीपर निवासी धर्मेन्द्र कुमार (20) पुत्र सुरेश कुमार मंगलवार की सुबह घर में रखी कीटनाशक दवा निगल लिया। इससे पेट दर्द के साथ युवक की अचानत को उल्टियां होने लगीं। मुंह से झाग निकलने पर परिजनों के होश उड़ गए। युवक को आनन-फानन स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। चर्चा है कि युवक अक्सर मोबाइल पर किसी से बातचीत किया करता था। पूछने पर सही जानकारी नहीं देता था। इससे नाराज परिजनों ने उसे बुधवार की सुबह जमकर डांटा-फटकारा भी था। इसको लेकर धर्मेंद्र की परिजनों से कहासुनी भी हुई थी। इसके बाद उसने आत्महत्या की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सदर कोतवाली पुलिस का कहना है कि घरेलू कलह की वजह से आजिज आकर युवक ने अपनी जान दी है।