मंझनपुर। गांधी नगर में शनिवार सुबह पानी भरने को लेकर पड़ोसियों ने एक युवती की पिटाई कर दी। बीच बचाव करने आई उसकी मां को भी पीटा। गांधी नगर मोहल्ला स्थित कांशीराम कॉलोनी निवासी फरीन पुत्री कलीम ने बताया कि कॉलोनी का बिजली कनेक्शन कटा हुआ है। इस वजह से पानी की सप्लाई नहीं हो पाती है। नगर प्रशासन टैंकर से जलापूर्ति करता है।
फरीन की मानें तो शनिवार सुबह टैंकर आने पर वह पानी भरने गई थी। इस दौरान पड़ोसी ने उसकी बाल्टी फेंक दी। इसका विरोध करने पर गाली-गलौच के साथ ही परिजनों संग मिलकर पीटना शुरू कर दिया। बताया जाता है कि फरीन को पिटता देख उसकी मां लाहिला फात्मा बीच-बचाव करने पहुंची तो हमलावरों ने उसको भी पीटा। मां-बेटी ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है।