चायल । पिपरी कोतवाली क्षेत्र के दरियापुर गांव स्थित ईंट भट्ठे पर धावा बोलकर सोमवार रात बदमाशों ने एक दंपति की पिटाई की। इसके बाद डेढ़ हजार रुपया नगद लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने दो नामजद व दस अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी है।
कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के बाबा का पूरा गांव का नंदलाल पुत्र अंधू दरियापुर स्थित ईंट भट्ठे पर परिवार संग रहकर मजदूरी करता है। सोमवार रात वह खाने के बाद परिजनों के साथ अपनी झोपड़ी में सो रहा था। इस दौरान बदमाशों ने भट्ठे में धावा बोल दिया। नंदलाल के मुताबिक लूटपाट के इरादे से आए बदमाशों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी को भी पीटा। बक्से का ताला तोड़कर डेढ़ हजार रुपया लूट लिया। इस दौरान चीख पुकार सुन साथी मजदूर इकट्ठा होने लगे को बदमाश असलहा लहराते हुए फरार हो गए। सुबह पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दिया। उसने बताया कि दो बदमाशों को वह पहचान गया है। मामले में पिपरी इंस्पेक्टर रामआसरे सरोज का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। जल्द ही बदमाशों को पकड़कर जेल भेजा जाएगा।