पिपरी के नवाबगंज देवरी गांव के लापता युवक पप्पू का शव सोमवार सुबह तालाब में मिला। युवक बृहस्पतिवार से गायब था। दिवंगत के भाई ने अगवा कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज है। अब पुलिस ने हत्या की जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
पिपरी थाना क्षेत्र के नवाबगंज देवरी मजरा फुलवा गांव निवासी पप्पू (35) पुत्र राम खेलावन मजदूर था। भाई सुगम लाल ने बताया कि पांच दिसंबर को पड़ोसी गांव बिसौना का एक किसान उसे मटर तोड़ने के लिए बुलाकर ले गया था। घर नहीं लौटने पर खोजबीन की गई तो पता चला कि शाम वह घर चला गया था। शक होने पर परिजनों ने शुक्रवार को पिपरी थाने में किसान के खिलाफ युवक को अगवा करने का मामला दर्ज कराया। सोमवार को युवक की लाश बिसौना गांव के समीप तालाब में मिली। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी युवक को हिरासत में लेकर कर्रा किया तो उसने बताया कि वह मछली पकड़ने के लिए साथ में गया था। इसके बाद अचानक लापता हो गया। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर जांच कर रही है। पिपरी कोतवाल भास्कर मिश्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।