दबिश को गई पुलिस पर भरसवां गांव की एक महिला ने घर में मारपीट, अभद्रता, तोड़फोड़ और लूटपाट का आरोप लगाया है। सोमवार को उसने दरोगा और सिपाहियों की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एसपी ने आरोपांे की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के भरसवां गांव की रहने वाले उत्तम कुमार का जमीन विवाद पड़ोस के ही एक व्यक्ति से चल रहा है। इसी विवाद में दो दिन पहले उसका पड़ोसियों से झगड़ा हो गया था। उत्तम की पत्नी निशा देवी का आरोप है कि रविवार की रात विरोधी पट्टीदार और उसके बेटे टेंवा चौकी के दरोगा और सिपाहियों के साथ उसके घर में दबिश दी। पुलिसवालों ने दरवाजा खटखटाते हुए उसके पति की बावत पूछताछ की। इल्जाम है कि दरोगा और सिपाहियों ने जबरदस्ती उसका दरवाजा खुलवाया। पति को खोजने के बहाने घर में तोड़फोड़ की। सामानों को क्षतिग्रस्त करने का विरोध करने पर पुलिसवाले अभद्रता पर उतारू हो गए।
इल्जाम है कि इस दौरान उसके गले से सोने की चेन और लाॅकेट भी छीन लिया। करीब घंटेभर तक उसके घर में उत्पात मचाने के बाद पुलिसवाले पूरे परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी देते हुए चले गए। सुबह उसने तहरीर सदर कोतवाली पुलिस को दी, लेकिन रिपोर्ट नहीं लिखी। पुलिस द्वारा कारवाई नहीं होने पर भुक्तभोगी ने एसपी को प्रार्थनापत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की।