मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में जेठ ने भयाहू को बेरहमी से पीटते हुए अधमरा कर दिया। पुरानी रंजिश में तीखी झड़प के बाद मारपीट हुई। विवाहिता को पीटने के बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला।
मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर गांव की रहने वाली सुशीला देवी पत्नी राजकुमार ने बताया कि उसका पति मजदूरी करता है। शुक्रवार को वह काम पर गया था। इसी दौरान शराब के नशे में धुत जेठ पहुंचा और अकेली देख उससे भिड़ गया। तीखी झड़प के बाद जेठ ने विवाहिता को बेरहमी से पीटते हुए कपड़े फाड़ दिए। पिटाई करने के बाद हमलावर जेठ कहीं भी शिकायत पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। पीड़िता का आरोप है कि दूसरे दिन वह शिकायत लेकर टेंवा चौकी गई तो पुलिस ने उसे डांटकर भगा दिया। पांच दिनों से पीड़िता न्याय पाने के लिए थाने का चक्कर काट रही है। मंगलवार को विवाहिता ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से की। एसपी ने मंझनपुर कोतवाल को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।