करारी क्षेत्र के अंबुरा गांव में बुधवार सुबह मामूली बात पर दबंगों ने एक परिवार के पांच सदस्यों को पीट दिया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अंबुरा निवासी रामसिंह पुत्र शिवचरन ने बताया कि घर के सामने उसने बालू रखी है। बुधवार सुबह पड़ोसी रामदीन ने बालू में गंदगी फेंक दी।
इसका विरोध करने पर वह अपशब्द कहने लगा। ऐतराज जताने पर भाई मेदी, छेदी और बेटे चोर्रा के साथ मिलकर पिटाई शुरू कर दी। युवक को पिटता देख उसके परिवार के राजकरन, शिवचरन, सावित्री व श्यमिया बीच-बचाव करने पहुंचेे तो इन सभी को भी पीटा गया। इस दौरान चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने दखल देकर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया है।