कोखराज के टड़हर परसखी गांव के एक युवक की संदिग्ध दशा में मौत हो गई। मंगलवार शाम वह सुल्तानपुर घोष भाड़े पर जाने के लिए निकला था। शुक्रवार सुबह अलीपुरजीता गांव के समीप कुएं में चालक की लाश मिली तो परिजनों में कोहराम मच गया। सीओ सिराथू सैनी कोतवाल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
टडहर (हिसामपुर परसखी) गांव निवासी लवकुश (38) पुत्र बबलू टेंपो चालक है। बताया जाता है कि मंगलवार शाम वह घर से सुल्तानपुर घोष भाड़े पर जाने के लिए निकला था। इसके बाद घर नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह लवकुश की लाश सैनी कोतवाली क्षेत्र के अलीपुरजीता गांव के समीप नहर किनारे कुएं में मिली। दिवंगत के भाई कमलेश भी घटनास्थल पहुंच गया। कुएं में युवक के शव मिलने की सूचना मिलते ही सीओ सिराथू अंशुमान मिश्र पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने शव बाहर निकला। भाई का शव देखते ही कमलेश चीख पड़ा। शव की शिनाख्त कराने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। टेंपो चालक की मौत से पत्नी व परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। मामले में सैनी कोतवाल समीर सिंह का कहना है कि युवक की मौत कुएं में गिरने से हुई है।
मंगलवार देर रात टेंपो-ट्रैक्टर में टक्कर हुई थी। इसके बाद टेंपो चालक गाड़ी छोड़कर भागा था। वहीं परिजनों को आशंका है कि युवक की हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया है। वहीं अलीपुरजीता गांव के समीप नहर किनारे टेंपो-ट्रैक्टर की भिड़ंत हुई। इसके बाद पुलिस ने टेंपो को लावारिस समझ चौकी उठा ले गई थी। चालक कहां का था और कहां गुम हुआ इस बावत जानकारी के लिए पुलिस ने कोई पहल नहीं की थी। इसे लेकर सैनी पुलिस पर फिर सवाल उठने लगे हैं। वहीं सीओ सिराथू अंशुमान मिश्र का कहना है कि टेंपो चालक लवकुश की मौत हादसे में हुई है। मंगलवार रात ट्रैक्टर की टक्कर के बाद पुलिस को देख वह टेंपो छोड़कर भागा था। हादसे की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांव के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।