चरवा इलाके के रहने वाले एक अधेड़ ब्रांच पोस्ट मास्टर ने पत्नी और बेटे को गवाह बनाते हुए विधवा से कोर्ट मैरिज कर ली। बुधवार को चायल तहसील पहुंचकर इकरारनामा न्यायालय में पेश करते हुए दोनों दांपत्य सूत्र बंधन में बंधे।
चायल तहसील में बुधवार को अजीब दास्तां सुनने और देखने को मिली। चरवा थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला 58 वर्षीय अधेड़ पोस्ट आफिस में ब्रांच पोस्ट मास्टर के पद पर तैनात है। कुछ दिन पहले कोखराज इलाके के एक गांव की रहने वाली विधवा से उसकी मुलाकात हुई। इस दौरान दोस्ती प्रगाढ़ हो गई। बातचीत के दौरान अधेड़ ने पहले विधवा की नाबालिग बेटी से बेटे की शादी का प्रस्ताव रखा। पर इस बात पर विधवा महिला राजी नहीं हुई।
महीनों दोनों के बीच मामला फंसा रहा। इस पर अधेड़ ने खुद विधवा से कोर्ट मैरिज करने का प्रस्ताव रख दिया। विधवा कोर्ट मैरिज के लिए राजी हो गई। बुधवार को पत्नी और बेटे के साथ चायल तहसील पहुंचे पोस्ट मास्टर ने बेटे और पत्नी को कोर्ट मैरिज का गवाह बनाते हुए विधवा को दूसरी पत्नी स्वीकार किया।