तथागत की तपस्थली कौशाम्बी में इन दिनों जिओ नेटवर्क की समस्या से ग्रामीण व देशी व विदेशी पर्यटक काफी परेशान हैं। लोगों की समस्या को देखते हुए कंपनी ने कोसम इनाम में तीन महीने पहले टावर तो लगा दिया लेकिन उसमें उपकरण लगाना भूल गई है।
कौशाम्बी खास के कोसम इनाम, पाली ऊपरहार, आमाकुआं, गढ़वा, हिसामबाद, जोगापुर, बिजिया चौराहा, बेहनपुरवा, सलेमपुर सहित कई गांव और आसपास के क्षेत्रों में नेटवर्क की रफ्तार बेहद धीमी हो गई है। ऐसे में स्थानीय और यहां आने वाले देशी व विदेशी पर्यटक मोबाइल पर कॉल न लगने से काफी परेशान हो रहे हैं।
स्थानीय निवासी इसरार अहमद, अब्दुल रहमान, राजकुमार, कौशिक अग्रहरि, अनिल कुमार और रोहित यादव आदि का कहना है कि सिग्नल बार-बार गायब हो जाते हैं। कभी कॉल ड्रॉप हो जाती है, तो कभी इंटरनेट बिल्कुल बंद हो जाता है। विद्यार्थियों और ऑनलाइन काम करने वालों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। वारिस अली, रमेश कुमार पाल, मोहित यादव आदि छात्रों ने बताया कि ऑनलाइन क्लास या आवेदन भरने के दौरान नेटवर्क बार-बार कट जाता है, जिससे उनका पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। व्यवसायी वर्ग भी इससे अछूता नहीं है।