मंझनपुर स्थित एक दुकान में रखी सरिया। संवाद
निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाली सामग्रियों के दामों में इन दिनों तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। सरिया और सीमेंट के बढ़ते दामों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। वहीं कुछ लोगों ने बढ़ते दामों को देखते हुए निर्माण कार्य भी ठप करा दिया है।
दुकानदारों के अनुसार करीब महीने भर में सरिया के दाम 600 से 700 रुपये प्रति कुंतल तक बढ़ गए हैं, जबकि सीमेंट की कीमतों में भी 10 से 15 रुपये प्रति बोरी का इजाफा हुआ है। अचानक बढ़ी कीमतों के कारण मकान निर्माण कराने वाले लोगों का बजट बिगड़ रहा है।
निर्माण कार्य करा रहे मो. इरफान, राजू और मनोज कुमार सहित अन्य लोगों का कहना है कि पहले से तय बजट में अब काम पूरा करना मुश्किल हो रहा है। कई लोगों ने निर्माण कार्य फिलहाल रोक दिया है या धीमा कर दिया है। लोगों का मानना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले समय में निर्माण कार्य की लागत महंगी हो सकती है, जिससे लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
:: जिन लोगों का प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुआ है, निर्धारित बजट आवंटन पर महंगाई के कारण उनका निर्माण कार्य भी अधूरा रह सकता है। -कृष्ण चंद्र वैश्य, कोषाध्यक्ष व्यापार मंडल
:: सीमेंट और सरिया के दामों में वृद्धि का प्रमुख कारण पैकिंग व आद्योगिक डीजल के दामों के बढ़ना है। सामान लाने में खर्च अधिक होना प्रमुख कारण है। - मोहित रस्तोगी, जिलाध्यक्ष उद्योग मंच
मंझनपुर स्थित एक दुकान में रखी सरिया। संवाद
मंझनपुर स्थित एक दुकान में रखी सरिया। संवाद