मृदुभाषी और मिलनसार स्वभाव के थे अवनीश
बदमाशों द्वारा बोलेरो से कुचलकर जान गंवाने वाले सिपाही अवनीश दुबे मृदुभाषी और काभी मिलनसार स्वभाव के थे। अपने बीट समेत क्षेत्र के लोग उसके सरल स्वभाव के कारण उसे काफी पसंद करते थे।तिल्हापुर चौकी में उन्हें तैनात हुए दो साल हो चुके थे। जैसे ही उनकी मौत की खबर क्षेत्र में हुई लोग काफी गमगीन हो गए। सब उनके मिलनसार व्यक्तित्व की चर्चा करते रहे।
तीन भाइयों में मझले थे सिपाही
मृतक अवनीश दुबे 2018 बैच के सिपाही थे। बचपन में ही उनके माता-पिता की मौत हो चुकी थी। दिवंगत हो चुके पिता अनिल कुमार दुबे भी पुलिस विभाग में थे। मृतक आश्रित कोटे से अवनीश के बड़े भाई जगमोहन दुबे को नौकरी मिली है। इन दिनों वह लखनऊ के मड़ियांव थाना में उपनिरीक्षक हैं। जबकि छोटा भाई पवन दुबे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है।
बोलेरो सवार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
सिपाही अवनीश दुबे की मौत मामले में उसके साथ मौजूद घटना के चश्मदीद सिपाही अभिषेक दुबे की तरह पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उनकी खोजबीन करना शुरू कर दिया है।
बकरा चोरी होने का भी मुकदमा दर्ज
बजहा गांव के धीरेंद्र सिंह के घर से रविवार रात बोलेरो सवार चोर तीन बकरा चोरी कर ले जा रहे थे। धीरेन्द्र के बेटे अनुराग की तहरीर पर पुलिस ने बकरा चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बदमाशों को किसी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा
घटना के बारे सीओ मनोज सिंह रघुवंशी ने बताया कि बदमाशों का सुराग लगाने के लिए पुलिस टीम पूरी तरह से सक्रिय है,एसओजी टीम भी जांच कर रही है। बदमाशों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जल्द ही उनका पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।