चायल में उठापटक का खेल अभी जारी है। नामांकन के चौथे दिन कांग्रेस ने चायल सीट से प्रत्याशी बदल दिया। प्रदेश उपाध्यक्ष रामयज्ञ द्विवेदी की जगह इस सीट से अब कांग्रेस के जिलाध्यक्ष तलत अजीम को मैदान में उतारा गया है। देर शाम सूची जारी होते ही रामयज्ञ द्विवेदी के समर्थकों के होश उड़ गए।
चायल विधानसभा सीट से प्रत्याशियों को बदलने का खेल अभी भी चल रहा है। गठबंधन से पहले सपा ने इस सीट पर टिकट बदले थे। गठबंधन हुआ तो यह सीट सपा ने कांग्रेस के छोड़ दी थी। कांग्रेस ने यहां से प्रदेश उपाध्यक्ष रामयज्ञ द्विवेदी को टिकट दिया था। टिकट मिलते ही रामयज्ञ द्विवेदी ने प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया था। उनके समर्थकों में खासा उत्साह था। गुरुवार की शाम को नामांकन के चौथे दिन अचानक कांग्रेस ने रामयज्ञ द्विवेदी का टिकट काटकर जिलाध्यक्ष तलत अजीम को प्रत्याशी घोषित कर दिया। इसकी सूची भी सार्वजनिक कर दी गई। इससे जहां तलत अजीम के समर्थक जश्न मना रहे हैं, वहीं रामयज्ञ द्विवेदी के समर्थकों में मायूसी है।