डीएम ने समझा-बुझाकर कराया शांत, बोले जांच कराई जाएगी
नाली निर्माण नहीं होने के कारण सड़क पर बहते पानी को लेकर ग्रामीणों पर भड़के एसडीएम सिराथू के खिलाफ बृहस्पतिवार को गांववालों ने मोर्चा खोल दिया। लोगों ने एसडीएम पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापन देकर जांच कार्रवाई की मांग की। चेताया कि अनदेखी पर धरना-प्रदर्शन के साथ मुख्यमंत्री से शिकायत की जाएगी।
सिराथू तहसील के चाकवन चौराहे पर नाली निर्माण नहीं होने के कारण आसपास के घर और दुकानों का सारा पानी सड़क पर बहता रहता है। इसके कारण रास्ते में जलभराव है। बताया जाता है कि बुधवार को एसडीएम समेत अन्य अधिकारी राला गांव विकास कार्यों का जायजा लेने गए थे। लौटते समय एसडीएम ने रास्ते में जलभराव देखा, तो आरोप है कि रूककर स्थानीय लोगों को डांट-फटकार शुरू कर दी। इस दौरान उन्होंने स्थानीय एक धर्मस्थल और वहां रहने वाले व्यक्तियों को सड़क किनारे सोख्ता गड्ढा खोदने की हिदायत दी। ऐसा नहीं करने पर नोटिस भेजकर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। एसडीएम की इन्हीं बातों से गांववालों में गुस्सा है। भड़के लोगों ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर एसडीएम सिराथू के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र देकर दुर्व्यवहार करने पर एसडीएम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। लोगों ने चेताया कि जांच और कार्रवाई नहीं किए जाने पर धरना-प्रदर्शन के साथ मुख्यमंत्री से भी शिकायत की जाएगी। इस मौके पर हाजी कहफिलवरा, हाजी मोहम्मद सनाउल्ला, महबूब हसन, अब्दुर्रहमान, रवींद्र कुमार, गुड्डू, किस्मत उल्ला, मोहम्मद जलाल आदि मौजूद रहे।