डीएम मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को उदयन सभागार में विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण और तय समय में पूरे किए जाए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित इंजीनियर और ठेकेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने पूरब-पश्चिम शरीरा पेयजल आपूर्ति योजना और चायल पेयजल योजना को समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सुजातपुर रेलवे स्टेशन, अठसराय और सैयद सरावां रेलवे ब्रिज सहित यमुना नदी पर चक गुलाम के पास बन रहे पुल को दिसंबर तक तैयार करने के निर्देश दिए। मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग कॉलेज एवं हॉस्टल का निर्माण एक माह में पूरा न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। नगर पालिका परिषद मंझनपुर में 50 टीपीडी म्युनिसिपल सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट 15 सितंबर तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा 50 बेड के क्रिटिकल केयर यूनिट को दो माह, बलीपुर टाटा पौधशाला में आवास व बाउंड्रीवॉल कार्य सितंबर तक पूरा करने पर जोर दिया।
डीएम ने हरदुआ-दरियापुर संपर्क मार्ग को 15 सितंबर और पुरखास-केवट का पुरवा मार्ग को एक माह में पूर्ण करने का आदेश दिया। उन्होंने सीएमआईएस पोर्टल पर प्रगति फीडिंग सुनिश्चित कराने, चरवा कल्याण मंडपम और परसरा बस स्टॉप को जल्द हैंडओवर करने और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में विलंब पर नाराजगी जताई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी आदि अधिकारी मौजूद रहे। वहीं डीएम ने जिला पर्यावरण समिति, जिला गंगा समिति एवं गंगा एक्शन प्लान की बैठक की। उन्होंने अधिशासी अधिकारी, कड़ा को गंगा नदी में गिरने वाले नालों की टैपिंग का कार्य 15 सितंबर तक पूर्ण करने का आदेश दिया। साथ ही सदस्य विनय पंडा के सुझाव पर दशहरा पर्व के दौरान गंगा घाटों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश भी दिए।
त्योहारों से पहले मिलावटी खाद्य पर सख्ती बरतें
डीएम मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को कार्यालय कक्ष में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सहायक आयुक्त (खाद्य) ममता चौधरी को निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं की प्रगति का शत-प्रतिशत फीडिंग सीएम डैशबोर्ड पर सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही लंबित वादों पर प्रभावी पैरवी और त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने कहा कि त्योहारों को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध नियमित कार्रवाई की जाए। सहायक आयुक्त (खाद्य) ने बताया कि कोटे की दुकानों का पंजीयन अभी शेष है। इस पर डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को शनिवार तक पंजीकरण पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी शालिनी प्रभाकर व प्रबुद्ध सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
आरआरसी सेंटर व सामुदायिक शौचालय क्रियाशील रखने के निर्देश
कलक्ट्रेट स्थित उदयन सभागार में बुधवार को डीएम मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की बैठक हुई। उन्होंने पंचायतराज अधिकारी व सहायक विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद के सभी आरआरसी सेंटर व सामुदायिक शौचालय क्रियाशील रहें और पंचायत भवनों में आमजन को ऑनलाइन सुविधाएं उपलब्ध हों, नहीं तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बैठक में गो-आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी आश्रय स्थलों में भूसा-चारा, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए।