मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारी के साथ सुरक्षा का भी चक्रव्यूह तैयार कर लिया गया है। पुलिस लाइन से लेकर मूरतगंज हाईवे पर पुलिस और पीएसी के जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक ने जवानों की ब्रीफिंग करते हुए उन्हें चौकसी बरतने की हिदायत दी। सीएम की सुरक्षा में कोई चूक न हो इसके लिए बाहर से आए एएसपी के साथ डिप्टी एसपी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सूबे के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आगमन का कार्यक्रम 28 मई यानी शनिवार को प्रस्तावित है। सुबह लखनऊ से पुलिस लाइन आने के बाद वह ओसा नवीन मंडी में जनसभा को संबोधित करने के बाद मूरतगंज हाईवे पर फोरलेन का लोकार्पण करेंगे।
सीएम की सुरक्षा की तैयारी को अमली जामा पहनाते हुए शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक वीके मिश्र ने पुलिस लाइन में जवानों की ब्रीफिंग की। बताया कि सीएम की सुरक्षा के लिए 6 अपर पुलिस अधीक्षक, 16 क्षेत्राधिकारी, 18 इंस्पेक्टर, 50 उपनिरीक्षक, 10 महिला उपनिरीक्षक, 400 सिपाही, 25 महिला सिपाही, 18 ट्रैफिक उपनिरीक्षक के साथ 6 कंपनी पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। जो पुलिस लाइन हैलीपैड से लेकर नवीन मंडी ओसा कार्यक्रम स्थल तक चौकसी बरतेंगे। सुरक्षा में कोई चूक न हो मातहतों को इसका निर्देश जारी कर दिया गया है। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र कुमार के साथ तीनों सर्किल के सीओ भी मौजूद रहे।